नीमच। जिला कलेक्टर द्वारा घोषित स्वच्छता का शनिवार अभियान के तहत नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने बघाना क्षेत्र में विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया।
सफाई में बाधा बन रहे अतिक्रमण हटाने के निर्देश-
निरीक्षण के दौरान बामनिया ने गणेश स्कूल क्षेत्र में घरों के बाहर और नालियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए रहवासियों को समझाइश दी। उन्होंने कहा कि यदि नागरिक अपने क्षेत्र में स्वच्छता चाहते हैं, तो घरों के बाहर और नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमण को तुरंत हटाएँ। यदि ऐसा नहीं किया गया तो नगर पालिका स्वयं अपने संसाधनों से कार्रवाई करेगी।
कर्मचारियों की हाजिरी और काम की गुणवत्ता पर ध्यान-
बामनिया ने अनुपस्थित रहने वाले चार लापरवाह कर्मचारियों को कार्य से बंद करने के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। उन्होंने स्वच्छता पर्यवेक्षकों और जनसेवकों को नालियों और सड़क की नियमित सफाई तथा समय पर कचरा उठाने के लिए निर्देशित किया।
निरीक्षण में मौजूद वरिष्ठ अधिकारी-
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक, स्वच्छता निरीक्षक भेरूलाल अहीर और अविनाश घेँघट भी उपस्थित रहे। बामनिया का कहना है कि सप्ताहांत अभियान के साथ ही अन्य दिनों में भी शहर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया जाएगा ताकि नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।