मुरैना। अवैध रेत खनन के खिलाफ वन विभाग की कार्रवाई के दौरान हाईवे पर फिल्मी अंदाज में पीछा करने का मामला सामने आया है। वन अमले को देखकर रेत से भरा ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर लेकर धौलपुर की ओर भाग निकला, लेकिन आखिरकार चंबल पुल के पास ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।
दरअसल, चंबल अभयारण्य की गेम रेंज अंबाह और गेम रेंज देवरी की टीम ने दोपहर करीब 12 बजे राजघाट की ओर से हाईवे पर आ रहे रेत से भरे एक ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया। वन विभाग की टीम को देखते ही ट्रैक्टर चालक तेज रफ्तार से ट्रैक्टर लेकर धौलपुर की दिशा में भागने लगा।
वन अमले ने भी हाईवे पर ट्रैक्टर का पीछा किया और चंबल पुल से पहले ही उसे घेर लिया। खुद को घिरता देख चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
इसके बाद वन विभाग की टीम ने जब्त ट्रैक्टर को धौलपुर की सागर पाड़ा चौकी में पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
चंबल अभयारण्य देवरी के अधीक्षक श्याम सिंह चौहान ने बताया कि अवैध रेत परिवहन की सूचना पर टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर का पीछा किया था। चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया, जबकि ट्रैक्टर को धौलपुर पुलिस को सौंप दिया गया है।
बताया जा रहा है कि अक्सर चंबल से अवैध रेत भरकर आने वाले ट्रैक्टर एमपी की सीमा से निकलकर धौलपुर की ओर भागते हैं, क्योंकि मध्यप्रदेश में पकड़े जाने पर वाहन राजसात हो सकता है, जबकि राजस्थान के धौलपुर में कई मामलों में जुर्माना लगाकर वाहन छोड़ दिया जाता है।