शाजापुर। जिले के शुजालपुर जनपद पंचायत परिसर में शनिवार को सर्वधर्म समभाव और सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह एवं निकाह योजना के अंतर्गत आयोजित सम्मेलन में कुल 206 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इस अवसर पर बीपीएल परिवारों की कन्याओं के साथ ही विधवा एवं परित्यक्ता महिलाओं ने भी नए जीवन की शुरुआत की।
शनिवार, 14 मार्च को आयोजित इस सम्मेलन की विशेषता इसकी सर्वधर्म स्वीकार्यता रही। एक ओर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 168 हिंदू जोड़ों ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए, वहीं दूसरी ओर 38 मुस्लिम जोड़ों का निकाह पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराया गया। प्रशासन द्वारा दोनों वर्गों के लिए अलग-अलग एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं की गई थीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री Inder Singh Parmar उपस्थित रहे। उन्होंने नवदंपत्तियों पर पुष्प वर्षा कर उन्हें सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। अपने संबोधन में मंत्री परमार ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना निर्धन परिवारों के लिए एक बड़ा सहारा है। एक ही मंच पर 206 बेटियों का कन्यादान और निकाह हमारी साझा संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। सरकार इन बेटियों के उज्ज्वल भविष्य और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
जनपद पंचायत शुजालपुर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में नवविवाहित जोड़ों के परिजनों और अतिथियों के लिए भोजन की विशेष व्यवस्था की गई। योजना के नियमानुसार वधुओं को दी जाने वाली सहायता राशि और उपहारों से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं भी पूर्ण कराई गईं। इस आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।