खरगोन। मध्य प्रदेश सरकार ने शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) उत्तीर्ण करना अनिवार्य करने का निर्णय लिया है। इसके आदेश जारी होने के बाद राज्य भर के शिक्षक खुलकर विरोध दर्ज करा रहे है। शुक्रवार को मुख्यालय पर मप्र शासकीय शिक्षक संगठन के बैनर तले इकट्ठा हुए शिक्षकों ने एसडीएम कार्यालय परिसर में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन साैंपा। ज्ञापन में चेतावनी दी है कि सरकार आदेश पर पुनर्विचार करें, अन्यथा विरोध प्रदर्शन तेज होगा। ज्ञापन में बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग ने निर्देश जारी किए कि आरटीई अधिनियम 2009 के लागू होने से पहले नियुक्त शिक्षकों को सेवा में बने रहने के लिए टीईटी परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी। शिक्षक संगठनों ने राज्य सरकार से सर्वाेच्च न्यायालय में पुनर्विचार याचिका दायर करने का आग्रह किया है।