नीमच। जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिले में पशु चारा, भूसा एवं पशु आहार की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिले से बाहर पशु चारे के निर्यात पर प्रतिबंध लगाया गया है।
इसी क्रम में एसडीएम प्रीति संघवी के निर्देशन में जावद तहसीलदार नवीन गर्ग द्वारा कार्रवाई करते हुए मैलानखेड़ा क्षेत्र से राजस्थान के बडोली घाटा की ओर पशु चारा ले जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया। जांच के दौरान परिवहन बिना अनुमति किया जाना पाया गया, जिस पर संबंधित के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
तहसीलदार नवीन गर्ग ने बताया कि नयागांव टोल नाके पर पकड़ी गई ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर पुलिस चौकी नयागांव की अभिरक्षा में रखा गया है। उन्होंने बताया कि जिले से बाहर पशु चारा ले जाने पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराया जा रहा है और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।