मनासा। क्षेत्र के ग्रामीणों को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने पड़दा पंचायत में आयोजित जल महोत्सव कार्यक्रम में भाग लिया। यह कार्यक्रम जल जीवन मिशन अंतर्गत संचालित गंगा बावड़ी समूह जल प्रदाय योजना के तहत आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक ने योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए ग्रामीणों को जल संरक्षण का महत्व बताया।
हर घर तक पहुंचेगा शुद्ध जल-
कार्यक्रम के दौरान विधायक मारू ने जल निगम के अधिकारियों से चर्चा कर ग्रामीण क्षेत्रों में पाइपलाइन और जल आपूर्ति की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर जल’ संकल्प को पूरा करने में गंगा बावड़ी योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस योजना के माध्यम से क्षेत्र के हजारों परिवारों को घर बैठे स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है, जिससे महिलाओं के श्रम में कमी आई है तथा दूषित पानी से होने वाली बीमारियों में भी कमी आई है।
जीवन स्तर में आ रहा सकारात्मक बदलाव-
विधायक मारू ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छ पानी केवल सुविधा नहीं बल्कि बेहतर स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन का आधार है। गंगा बावड़ी समूह जल योजना के माध्यम से क्षेत्र के अंतिम छोर तक पानी पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कैलाश पुरोहित, सरपंच सुभाष श्रीमाल, जल निगम के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी टीम, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
जल संरक्षण का लिया संकल्प-
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों ने जल की एक-एक बूंद को बचाने तथा पाइपलाइन और जल स्रोतों के संरक्षण में सहयोग करने का संकल्प लिया। विधायक मारू ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का लाभ हर पात्र परिवार तक बिना किसी बाधा के पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।