मनासा। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड मनासा के सेक्टर मनासा की नवांकुर संस्था ‘केशव आदर्श सामाजिक संस्था’ द्वारा ग्राम पंचायत बरडिया में श्री हनुमान मंदिर के समीप तालाब तट पर जल चौपाल का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में संस्था प्रतिनिधि धीरज राठौर, परामर्शदाता प्रह्लाद धनगर, सपना बैरागी, प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष, सचिव तथा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धीरज राठौर ने कहा कि जल संरक्षण हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। जल के बिना जीवन संभव नहीं है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पानी बचाने के लिए जागरूक और जिम्मेदार बनना होगा। उन्होंने व्यक्तिगत और सामूहिक स्तर पर जल संरक्षण के प्रयास करने का आह्वान किया।
परामर्शदाता सपना बैरागी ने अभियान के तहत संचालित गतिविधियों में ग्रामवासियों एवं छात्र-छात्राओं से सक्रिय भागीदारी निभाने और जल संरक्षण कार्यों में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में परामर्शदाता प्रह्लाद धनगर ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने जल संरक्षण की शपथ ली। साथ ही तालाब तट पर रंगोली के माध्यम से जल बचाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी, प्रस्फुटन समिति के सदस्य, सीएम इंटर्न सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।