देवास। आवारा श्वानों के कारण हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे। देर रात उज्जैन रोड स्थित भैरुं महाराज चौराहा के आगे जिंगल ढाबे के पास बाइक सवार दंपती अचानक सामने आए श्वान से गिर गए, जिसमें पति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही डायल 112 मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जांच में घायल पति के पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, एकता नगर निवासी मुख्तार खान अपनी पत्नी के साथ बहन के घर लाइफ स्टाइल कॉलोनी बायपास जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हुआ। परिजनों का कहना है कि आसपास की गंदगी और ढाबों-होटलों के कचरे के कारण यहां श्वानों का जमावड़ा लगा रहता है। पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन नगर निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
आपको बता दें कि देवास में आवारा श्वानों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। शहर की सड़कों और कॉलोनियों में झुंड के झुंड श्वान राहगीरों और बाइक सवारों के लिए खतरा बन चुके हैं।
लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द आवारा श्वानों को पकड़ने और क्षेत्र की सफाई की व्यवस्था की जाए, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लग सके।