नीमच। गर्मी ने इस बार सारे रिकॉर्ड तोड़ने के संकेत दे दिए हैं। हालात ऐसे हैं कि अब सिर्फ दिन ही नहीं, बल्कि रातें भी आग उगलने लगी हैं। मध्य प्रदेश में पहली बार रात के समय लू (वार्म नाइट) का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे लोगों को 24 घंटे झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मालवा अंचल सहित नीमच जिले में भी गर्मी का असर साफ नजर आ रहा है। दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के साथ अब रात में भी राहत नहीं मिल रही।
नीमच जिले में भी लगातार बढ़ रहा तापमान-
नीमच जिले में आज बुधवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि तेज गर्म हवाएं करीब 26 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलीं। दिन के साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही।
एमपी के 16 जिलों में लू का अलर्ट-
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। भोपाल, छिंदवाड़ा, मंडला, नर्मदापुरम, ग्वालियर, रतलाम और छतरपुर सहित 16 जिलों में लू के आसार हैं। खास बात यह है कि राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई शहरों में पहली बार वार्म नाइट (गर्म रात) का अलर्ट जारी किया गया है। इसका मतलब है कि रात का तापमान सामान्य से अधिक रहेगा और लोगों को रात में भी गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
एमपी का खजुराहो रहा सबसे गर्म, पारा 43 डिग्री दर्ज-
बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया। खजुराहो सबसे गर्म रहा, जहां पारा 43 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर में 42.5, दतिया में 42.3, रतलाम और सीधी में 42.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। इंदौर और उज्जैन में भी तापमान 39.5 डिग्री तक पहुंच गया।
23 को पश्चिमी विक्षोप के सक्रिय होने की संभावना-
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ लाइन के कारण कुछ स्थानों पर बादल छा रहे हैं, लेकिन इससे गर्मी में खास राहत मिलने की संभावना नहीं है। 23 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, हालांकि इसका असर प्रदेश में सीमित रहेगा।
समूचे मालवा में गर्मी का प्रकोप-
नीमच सहित पूरे मालवा में फिलहाल हालात ऐसे हैं कि दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है, वहीं रात में भी बढ़ती गर्मी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।