मंदसौर। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले से कोटा होते हुए मथुरा, नई दिल्ली और हरिद्वार के लिए सीधी रेल सेवा शुरू किए जाने की मांग उठी है। यह मांग भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य द्वारा केंद्रीय रेल मंत्री को भेजे गए पत्र के माध्यम से की गई है।
पत्र में बताया गया है कि वर्तमान में इस मार्ग पर सीधी रेल सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण यात्रियों, विशेषकर व्यापारियों, श्रमिकों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को बार-बार ट्रेन बदलनी पड़ती है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है।
मांग की गई है कि मंदसौर से कोटा, मथुरा, नई दिल्ली और हरिद्वार के बीच सीधी रेल सेवा शुरू की जाए, जिससे क्षेत्र के लोगों को सुगम और सस्ती यात्रा सुविधा मिल सके। इससे न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलने की उम्मीद जताई गई है।