झाबुआ। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट की अध्यक्षता में समयावधि पत्रों एवं अंतर्विभागीय समन्वय बैठक कलेक्टर सभाकक्ष में प्रातः 10 बजे आयोजित की गई बैठक में कलेक्टर ने सर्वप्रथम 21 अप्रैल के उपलक्ष्य में सभी अधिकारियों को सिविल सेवा दिवस की शुभकामनाएं दीं, उन्होंने कहा कि लोक सेवकों का दायित्व है कि सुशासन की स्थापना सुनिश्चित की जाए जिसके लिए शिकायतों का समयबद्ध निराकरण, सेवाओं की प्रभावी डिलीवरी तथा शासन एवं जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करना आवश्यक है।
बैठक में कलेक्टर ने सीएम हाउस में लंबित शिकायतों की समीक्षा की साथ ही जिला पंचायत स्तर पर लंबित शिकायतों के प्रकरणों में प्रतिवेदन प्राप्त होने के बावजूद जवाब प्रेषित नहीं किए जाने पर कलेक्टर ने जिला पंचायत कार्यालय के शिकायत प्रभारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए, इसके अतिरिक्त सीएम मॉनिट, सीएस मॉनिट एवं सीपीग्राम पोर्टल पर लंबित शिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश भी दिए गए।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान जिले की रैंक 27 होने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की उन्होंने निकृष्ट प्रदर्शन करने वाले डी श्रेणी के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों के वेतन रोकने के निर्देश जिला कोषालय अधिकारी को दिए जब तक कि उनका प्रदर्शन संतोषजनक न हो जाए, साथ ही बी एवं सी श्रेणी के अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए, कलेक्टर ने आगामी 30 अप्रैल तक 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों के अनिवार्य निराकरण के निर्देश भी दिए।
वन अधिकार अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त नए आवेदनों के संबंध में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ग्राम स्तरीय समिति, अनुविभागीय समिति एवं जिला स्तरीय समिति के माध्यम से तीन माह की समय-सीमा में आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई में साहूकारों से संबंधित विवादों के मामलों पर कलेक्टर ने बैंकों से जानकारी प्राप्त की इस दौरान जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित के सीईओ ने बताया कि सहकारी बैंकों की शाखाओं द्वारा चांदी के मूल्य का 75 प्रतिशत तक ऋण उपलब्ध कराया जाता है जिस पर 10 प्रतिशत प्रति तिमाही की दर से ब्याज लिया जाता है साथ ही एक दिन में चांदी की जांच कर अगले दिन ऋण उपलब्ध कराने की सुविधा भी दी जाती है कलेक्टर ने इस सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत सेवाओं की समयसीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए उन्होंने कहा कि सभी लोक सेवा केंद्रों को व्यवस्थित किया जाए तथा एसडीएम द्वारा नियमित निरीक्षण किया जाए, किसी भी सेवा के लिए निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूले जाने पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
बैठक में कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की, डग वेल रिचार्ज कार्यों की प्रगति मात्र 37 प्रतिशत होने पर उन्होंने इसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, अमृत सरोवर के कार्यों की धीमी प्रगति पर सीईओ जनपद से देरी के कारण प्रस्तुत करने को कहा।
उपार्जन व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कलेक्टर को अवगत कराया गया कि किसानों का पंजीयन 7166, खरीदी 1165 तथा स्लॉट बुकिंग 2988 की गई है, स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि 30 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है, कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को किसानों से सतत संपर्क बनाए रखने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेटलावद सुश्री तनुश्री मीणा, सहायक कलेक्टर आशीष कुमार, संयुक्त कलेक्टर विजय कुमार मण्डलोई, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अक्षयसिंह मरकाम, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ एवं मेघनगर, डिप्टी कलेक्टर्स सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।