गरोठ/शामगढ़। जबलपुर हादसे के बाद गांधीसागर बांध के बैकवाटर क्षेत्र में संचालित स्टीमरों की जांच तेज कर दी गई है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा मानकों और आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।
इसी क्रम में रविवार को शामगढ़ तहसील के गरडा और घट्टिया आदर्श क्षेत्र में बैकवाटर में चल रहे स्टीमरों की जांच की गई। इस दौरान स्टीमर संचालकों से बीमा, फिटनेस प्रमाण-पत्र, लाइसेंस तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई।
मौके पर गरोठ एसडीएम राहुल चौहान, शामगढ़ नायब तहसीलदार भीमसिंह खराड़ी एवं चंदवासा चौकी प्रभारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सुरक्षा उपकरणों और संचालन व्यवस्था का भी जायजा लिया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जो स्टीमर सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरेंगे अथवा जिनके दस्तावेज अधूरे पाए जाएंगे, उनका संचालन अगली अनुमति तक बंद रखा जाएगा। यात्रियों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है।