कुकड़ेश्वर। नगर कुकड़ेश्वर में इन दिनों आवारा सांडों और कुत्तों की बढ़ती संख्या आमजन के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई है। नगर की मुख्य सड़कों, बाजारों और विभिन्न मोहल्लों में दिनभर आवारा सांडों का जमावड़ा देखने को मिल रहा है। कई बार सांड सड़क के बीचों-बीच आकर आपस में भिड़ जाते हैं, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सांडों की लड़ाई के दौरान कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालक और पैदल चलने वाले लोग इसकी चपेट में आने के खतरे से डरे हुए हैं।
वहीं नगर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या भी चिंता का विषय बनी हुई है। लोगों के अनुसार कई स्थानों पर आवारा कुत्ते झुंड में घूमते नजर आते हैं और कई बार बच्चों, बुजुर्गों एवं राहगीरों पर हमला कर चुके हैं। इससे नागरिकों में भय का वातावरण बना हुआ है।
नगरवासियों ने नगर परिषद एवं प्रशासन से मांग की है कि आवारा सांडों को सुरक्षित रूप से गौशाला या अन्य उपयुक्त स्थानों पर भेजने की व्यवस्था की जाए तथा आवारा कुत्तों के नियंत्रण के लिए प्रभावी अभियान चलाया जाए।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। नगरवासियों ने प्रशासन से जनहित में शीघ्र कार्रवाई कर राहत दिलाने की मांग की है।