नीमच। शहर की जैन कॉलोनी में आम रास्ते एवं सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत को लेकर रहवासी कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचे। कॉलोनीवासियों ने जिला कलेक्टर को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।
शिकायत में नैंसी बोरदिया एवं अन्य रहवासियों ने आरोप लगाया कि पारसमल नागौरी एवं उनके पुत्र अभिषेक नागौरी द्वारा मकान नंबर 18 के निर्माण के दौरान निर्धारित सीमा से आगे बढ़कर कॉलोनी के सार्वजनिक मार्ग पर टाइल्स लगाकर अतिक्रमण किया जा रहा है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है।
रहवासियों का कहना है कि विरोध करने पर आरोपियों द्वारा गाली-गलौच की जाती है तथा महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया जाता है। साथ ही राजनीतिक एवं प्रशासनिक प्रभाव का दबाव बनाकर कॉलोनीवासियों को डराने-धमकाने का भी आरोप लगाया गया है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि बच्चों के खेलने के लिए उपयोग में आने वाली सरकारी भूमि पर भी अतिक्रमण किया गया है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और बच्चों के लिए सुरक्षित स्थान की कमी हो गई है।
मीडिया से चर्चा में नैंसी बोरदिया ने बताया कि अतिक्रमणकर्ता के प्रभाव के कारण वे खुलकर विरोध करने से डर रहे हैं, इसके बावजूद उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
रहवासियों ने कलेक्टर से अतिक्रमण को शीघ्र हटवाने एवं दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।