शिवपुरी। नरवर थाना क्षेत्र में हुए एक युवक की हत्या के मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है। इस संबंध में ग्वालियर निवासी प्रियंका जाटव ने शिवपुरी कलेक्टर को आवेदन देकर न्याय और सुरक्षा की मांग की है।
प्रियंका जाटव ने बताया कि 9 फरवरी 2026 की शाम उनके पति गुलशन जाटव को सरमन कुशवाह, रवि कुशवाह, राकेश कुशवाह और हरविंदर सिंह घर से बुलाकर ले गए थे। आरोप है कि उन्हें दबाव बनाकर नरवर में एक शादी समारोह में ले जाया गया था। उसी रात आरोपियों द्वारा सूचना दी गई कि गुलशन का शव सड़क पर पड़ा हुआ है।
पीड़िता के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के सिर पर किसी भारी वस्तु से चोट लगने की पुष्टि हुई है, जिससे सिर में खून का थक्का जमने के कारण मृत्यु होना सामने आया है, जो सुनियोजित हत्या की ओर संकेत करता है।
आरोप यह भी है कि नामजद आरोपियों को घटना के बाद पुलिस ने थाने में बैठाया था, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। इसके बाद से सभी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और परिवार को धमकियां दे रहे हैं।
प्रियंका जाटव ने मामले की निष्पक्ष जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी से कराने और परिवार को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।