मुरैना। जिले में यातायात व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ती नजर आ रही है। जिला अस्पताल, कोतवाली चौराहा और पुरानी कलेक्ट्रेट जैसे प्रमुख स्थानों पर रोजाना भीषण जाम लग रहा है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति यह है कि कई बार मरीज समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पा रहे हैं, जबकि एम्बुलेंस तक जाम में फंसकर रह जाती हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दिनभर इन प्रमुख पॉइंट्स पर यातायात पुलिस की मौजूदगी न के बराबर रहती है, जिससे अव्यवस्था लगातार बढ़ती जा रही है।
वहीं शाम के समय कुछ स्थानों पर पुलिसकर्मी खड़े होकर चालानी कार्रवाई करते नजर आते हैं, लेकिन जाम की मूल समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है। शादी समारोहों और बारातों के कारण भी शहर की यातायात व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उन्हें केवल चालान नहीं, बल्कि ठोस और स्थायी ट्रैफिक व्यवस्था की आवश्यकता है। लोगों में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी बढ़ती जा रही है।
अब पूरी नजर जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक पर टिकी हुई है, जिनसे जनता को उम्मीद है कि वे स्वयं मैदान में उतरकर व्यवस्था सुधारेंगे, प्रमुख स्थानों पर स्थायी पुलिस तैनाती सुनिश्चित करेंगे और शहर की बिगड़ी हुई ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर लाएंगे।
फिलहाल मुरैना की जनता एक मजबूत और प्रभावी ट्रैफिक प्लान की प्रतीक्षा कर रही है।