नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने टामोटी में रात्रि विश्राम के बाद बुधवार सुबह जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत क्षेत्र में चल रहे जल संरचनाओं के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न गांवों में पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
ग्राम शिवपुरिया में कलेक्टर ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने जल संरक्षण अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने का भी आह्वान किया।
इसके बाद कलेक्टर अरावली गौशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गायों को गो-ग्रास खिलाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बछड़ों को दुलार कर संवेदनशीलता का परिचय भी दिया।
रात्रि चौपाल में उठी अमेरी गांव में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति की मांग पर कलेक्टर ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर बीएस कलेश, एसडीएम किरण आंजना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर का यह दौरा प्रशासन की जमीनी सक्रियता, जनसंवाद और जनभागीदारी को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।