चित्तौड़गढ़। हल्दीघाटी में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की ऐतिहासिक विजय के 450 वें विजय दिवस के उपलक्ष में उदयपुर में ऐतिहासिक और अविस्मरणीय समारोह 17 जून को आयोजित किया जाएगा। संघ के चित्तौड़ प्रांत में आयोजित हो रहे मेवाड़ एवं बागड़ के संयुक्त सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघ चालक मोहन भागवत का सानिध्य प्राप्त होगा।
इस बृहद स्तरीय कार्यक्रम की पूर्व तैयारी बैठक विद्या निकेतन गांधीनगर चित्तौड़गढ़ में संपन्न हुई। बैठक में जिले से प्रत्येक खंड एवं नगर से सभी प्रमुख कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक हेमंत कुमार जैन, जिला संघचालक अनिरुद्ध सिंह भाटी एवं विभाग कार्यवाह दिनेश चंद्र भट्ट का पाथेय प्राप्त हुआ।
जानकारी देते हुए कार्यक्रम विभाग संयोजक विश्वनाथ टांक पप्सा ने बताया कि इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विभाग कार्यवाह दिनेश चंद्र भट्ट ने कहा कि हल्दीघाटी युद्ध के 450 वर्ष होने के शुभ अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन राव भागवत का पावन सानिध्य प्राप्त होने वाला है। इसके निमित्त 17 जून 2026 को मेवाड़ एवं बागड़ का संयुक्त कार्यक्रम आयोजित होने वाला है। उसमें चित्तौड़ जिले से सभी जाति बिरादरी के प्रमुख, प्रबुद्ध जन, युवा, मातृशक्ति, विभिन्न संगठनों के प्रमुख, व समाज के प्रबुद्ध जनों को कार्यक्रम में ले जाना है।
उन्होंने कहा हल्दीघाटी में महाराणा प्रताप की विजय हुई थी, परंतु योजनाबद्ध ढंग से विमर्श तैयार कर उनके परिचय दर्शाने का प्रयास किया। अकबर की सेना हल्दीघाटी के युद्ध में परास्त हुई थी इसी के कारण अकबर ने अपने सेनापति मानसिंह की ड्योढ़ी 6 महीने तक बंद कर दी थी।
बैठक के दूसरे भाग में सभी कार्यकर्ता खंड अनुसार बैठे और पूरी योजना रचना तैयार की। इस अवसर पर विभाग जिला एवं खंड स्तर के कार्यक्रम के संयोजक, सह संयोजक की घोषणा की गई।