मंदसौर। आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंदसौर डाक संभाग द्वारा डाकघरों के आधार एनरोलमेंट एवं अपडेशन सेवा केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत नागरिकों को नवीन आधार पंजीयन, आधार कार्ड में सुधार, बायोमेट्रिक अपडेट तथा आधार में मोबाइल और ईमेल लिंक कराने जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। यह विशेष अभियान 9 मई 2026 को आयोजित होगा।
भीड़ नियंत्रण के लिए 23 एवं 24 अप्रैल को टोकन वितरण किया गया है। अभियान के दिन सभी आधार केंद्र प्रातः 8 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित रहेंगे।
डाक विभाग मंदसौर-नीमच के अधीक्षक अजित सिंह डामोर ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी डाकघर के आधार केंद्र पर पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।
यह अभियान मंदसौर के मुख्य डाकघर, सिटी डाकघर, सुवासरा मंडी, भानपुरा, गरोठ, शामगढ़, दलौदा, नाहरगढ़, सीतामऊ, बूढ़ा, मल्हारगढ़, पिपलिया उपडाकघरों सहित नीमच के प्रधान डाकघर, बघाना खोर, जावद, महागढ़, मनासा, रामपुरा आदि डाकघरों में संचालित किया जाएगा।