देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने समय-सीमा बैठक में एसडीएम को तालाबों का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने की सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय भूमि की सूची तैयार कर अवैध कब्जों की जानकारी सार्वजनिक करने और दोषियों पर अर्थदंड लगाने को कहा।
“जल गंगा संवर्धन अभियान” में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने बागली को छोड़ अन्य जनपद पंचायत सीईओ को वेतन वृद्धि रोकने संबंधी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। एचपीवी टीकाकरण, स्वच्छता सर्वेक्षण और समग्र केवाईसी कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने पर जोर दिया गया।
कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के अधूरे कार्य जल्द पूरे कर चालू करने, अवैध बोर खनन पर एफआईआर दर्ज करने और गेहूं उपार्जन का भुगतान समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। जिले में अब तक 2.05 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदी कर 251.61 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।