नीमच। जिले के मनासा थाना क्षेत्र में युवक के अपहरण, मारपीट और लूट के मामले में नया मोड़ सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि आरोपी पक्ष अब उन्हें झूठे मामलों में फंसाने और जान से मारने की धमकियां दे रहा है। इस संबंध में बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की गई।
बर्डिया निवासी प्रहलाद बाछड़ा ने बताया कि 29 अप्रैल को उसके पुत्र अमन को बरथुन फंटे से जबरन उठाकर दुर्गेश, गोलू, लखन और दिलीप ने मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने उसके पास से आईफोन, सोने-चांदी के आभूषण तथा करीब 20 हजार रुपये नकद लूट लिए। इस संबंध में थाना मनासा में प्रकरण दर्ज है और जांच जारी है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद शेरू सहित अन्य आरोपी लगातार धमकियां दे रहे हैं और लूटा गया सामान लौटाने से इनकार कर रहे हैं। साथ ही एक महिला के माध्यम से झूठी शिकायत कर उन्हें फंसाने की साजिश भी रची जा रही है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि पूर्व में समाज स्तर पर समझौते के तहत करीब 2 लाख रुपये दिए जा चुके हैं, इसके बावजूद आरोपियों द्वारा और पैसों की मांग की जा रही है। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें समाज से बहिष्कृत किया गया।
पीड़ित परिवार ने मुख्य आरोपी पर आपराधिक गतिविधियों में लिप्त होने का आरोप लगाते हुए अपनी जान को खतरा बताया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।