ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर केतानसेन नगर निवासी 26 वर्षीय एक महिला का 170 किलो वजन होने के बावजूद सफल सीजेरियन डिलीवरी कर डॉक्टर्स ने मेडिकल इतिहास रच दिया है। गजराराजा मेडिकल कॉलेज एवं जयारोग्य अस्पताल की डॉक्टर्स की टीम ने इस अत्यंत चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। महिला के अत्यधिक मोटापे के कारण पेट पर फैट की कई परतें थीं, जिन्हें हटाने के बाद सीजेरियन डिलीवरी की गई। ऑपरेशन के बाद मां और नवजात बच्ची दोनों सुरक्षित हैं।
अस्पताल ने दी जानकारी
गजराराजा मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर्स ने बताया कि शहर के कई निजी अस्पतालों ने महिला की डिलीवरी को हाई रिस्क बताते हुए मना कर दिया था। ऐसे में महिला को अंतिम विकल्प के रूप में जयारोग्य अस्पताल लाया गया, जहां मेडिकल टीम ने पूरी तैयारी के साथ यह चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन किया। डॉक्टर्स की टीम ने बताया कि 170 किलो वजनी महिला की डिलीवरी जयारोग्य अस्पताल में अब तक का पहला ऐसा मामला है। ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया, सर्जरी और पोस्ट ऑपरेटिव केयर सभी में विशेष सावधानी बरती गई।
महिला और नवजात की स्थिति स्थिर
महिला लंबे समय से मोटापे की समस्या से जूझ रही थीं। गर्भावस्था के दौरान वजन और बढ़ गया था, जिससे सामान्य डिलीवरी नामुमकिन हो गई थी। डॉक्टर्स ने कहा कि मां और बच्ची दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है और उन्हें निगरानी में रखा गया है।
चिकित्सा क्षेत्र में उपलब्धि
इस सफल ऑपरेशन को ग्वालियर के चिकित्सा जगत में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। डॉक्टर्स की टीम ने कहा कि उचित संसाधनों, अनुभव और टीम वर्क से सबसे जटिल मामलों को भी सफलतापूर्वक निपटाया जा सकता है।