नीमच। मध्य प्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष प्रताप करोसिया 13 मई 2026 को नीमच जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 8:00 बजे इंदौर से प्रस्थान कर दोपहर 1:00 बजे नीमच पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 2:00 बजे कलेक्टर कार्यालय में अधिकारियों की बैठक लेंगे और पश्चात मंदसौर के लिए रवाना होंगे।
बैठक में ये अधिकारी रहेंगे मौजूद-
कलेक्टर कार्यालय में आयोजित बैठक में जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ, संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास उज्जैन संभाग, सचिव कृषि मंडी, लीड बैंक अधिकारी, जिला श्रम अधिकारी, सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन सहित जिले के सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारी तथा सफाई कर्मचारियों के ट्रेड यूनियन/सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
इन मुद्दों पर होगी चर्चा-
बैठक में सफाई कर्मचारियों से जुड़े सेवा संबंधी विषयों- वेतन-भत्ते, एनपीएस, अनुकम्पा नियुक्ति, रिक्त पदों की पूर्ति, पेंशन, पीएफ और ईएसआई पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही बस्ती विकास, सामुदायिक भवन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान योजना, जीवन ज्योति योजना एवं सुरक्षा बीमा योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा भी होगी।
आउटसोर्स व्यवस्था की भी समीक्षा-
बैठक में आउटसोर्स कर्मचारियों की स्थिति, ठेकेदारों के अनुबंध एवं कार्यादेश की जानकारी पर भी चर्चा की जाएगी। समस्त संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जानकारी के साथ बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।