नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा पत्रों एवं रात्रि चौपाल में प्राप्त आवेदनों के निराकरण को लेकर साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एडीएम बीएस कलेश, एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कोज्या एवं टामोटी में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों से प्राप्त सभी आवेदनों एवं समस्याओं का त्वरित और सकारात्मक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
टामोटी में जल निगम द्वारा कुछ घरों में कनेक्शन नहीं मिलने की शिकायत पर कलेक्टर ने महाप्रबंधक जल निगम को संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा समस्या का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सिंचाई योजना में छूटे गांवों को शामिल करने के निर्देश-
ग्रामीणों की मांग पर कलेक्टर ने गांधीसागर से रामपुरा-मनासा सूक्ष्म सिंचाई योजना में छूटे गांवों को शामिल करने हेतु जल संसाधन विभाग को प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही सिंगोली क्षेत्र के क्षतिग्रस्त जलाशय की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य जनभागीदारी से तत्काल प्रारंभ करने को कहा।
खाद्य पदार्थों की जांच के लिए चलाएं अभियान-
कलेक्टर ने सभी सीएमओ और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को फल-सब्जी विक्रेताओं व खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच कर नमूने लेने एवं आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही एसडीएम को इस अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने के लिए कहा गया।