देवास। आपरेशन त्रिनेत्रम के तहत जिले में मोटरसाइकिल और पशु चोरी की बढ़ती वारदातों के बीच औद्योगिक थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए संगठित कंजर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 5 शातिर आरोपियों सहित एक नाबालिग को गिरफ्तार कर 5 चोरी की वारदातों का खुलासा किया है।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 मोटरसाइकिल, 1 कार और 2 बकरे बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 15 लाख बताई जा रही है।
थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने बताया कि पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई। 1-2 मई 2026 की रात गदेशिया पिपलिया, हवनखेड़ी और संजयनगर क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने ऑपरेशन “त्रिनेत्र” के तहत सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल ट्रेल खंगाले, जिससे एक ही गिरोह के शामिल होने की पुष्टि हुई।
जांच के आधार पर पुलिस टीम टोंककला स्थित कंजर डेरा पहुंची और दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि देवास के कुछ आरोपी गिरोह को शहर में चोरी करने के लिए लोकेशन और रेकी की जानकारी देते थे, जिन्हें भी गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में राज झाला, युवराज झाला, जतिन हाड़ा (कंजर डेरा टोंककला), अमन चौहान (मोती बंगला, देवास) और महेंद्र कुमावत (राजाबाग कॉलोनी, उज्जैन रोड, देवास) शामिल हैं, साथ ही एक नाबालिग भी पकड़ा गया है।
पुलिस टीम और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह अन्य कई चोरी की वारदातों में भी शामिल हो सकता है।