नीमच। बघाना थाना क्षेत्र के ग्राम दारू निवासी एक युवक ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र सौंपकर दो भाइयों पर जान से मारने की धमकी देने और झूठे केस में फंसाने के आरोप लगाए हैं।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह शासकीय नौकरी की तैयारी कर रहा है और उसके खेत के पड़ोसी विनीत दुबे एवं नवीन दुबे उसे लगातार गाली-गलौच कर रहे हैं तथा अफीम सहित झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दे रहे हैं।
पीड़ित का आरोप है कि दोनों भाई उसके खिलाफ गांव में भ्रामक बातें फैलाकर उसकी सामाजिक छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही एआई जनरेटेड फोटो और फेक रिकॉर्डिंग तैयार कर उसे बदनाम किया जा रहा है।
शिकायत में यह भी बताया गया है कि वह पिछले 6 वर्षों से ग्राम रक्षा समिति में सेवाएं दे रहा है और उसके खिलाफ आज तक कोई आपराधिक शिकायत नहीं है। इसके बावजूद उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मामले में जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में नवीन व विनीत दुबे से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।