उमरिया। जिले के करकेली जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत पठारी खुर्द में कथित भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण कार्य को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में पदस्थ सचिव और सरपंच की मिलीभगत से सीसी रोड निर्माण में भारी अनियमितताएं की गई हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माण कार्य में फ्लोरी मशीन का धड़ल्ले से उपयोग किया गया, जबकि तय तकनीकी मानकों की पूरी तरह अनदेखी की गई। सबसे गंभीर आरोप यह है कि सीसी रोड का निर्माण बिना बेस डाले ही कर दिया गया, जिससे सड़क की गुणवत्ता और उसकी मजबूती पर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि स्कूल प्रांगण से मायाराम के घर तक पहले से बनी हुई सड़क, जिसे केवल मरम्मत की आवश्यकता थी, उसे ही नया निर्माण दिखाकर दोबारा तैयार किया गया। इस प्रक्रिया में सरकारी राशि के दुरुपयोग और गुणवत्ता से समझौते की आशंका जताई जा रही है।
मामले में संबंधित इंजीनियर और अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर निरीक्षण और निगरानी की जाती, तो इस प्रकार का घटिया निर्माण कार्य संभव नहीं होता।
अब ग्रामीणों ने पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है।
बड़ा सवाल यह है कि क्या पंचायत स्तर पर विकास कार्य वास्तव में विकास के लिए हो रहे हैं या फिर यह केवल भ्रष्टाचार और लापरवाही का जरिया बनते जा रहे हैं?