खरगोन। भीषण गर्मी और तपते मौसम के बीच खरगोन शहर के गांधी नगर स्थित एक निजी गौशाला में गौवंश के लिए विशेष और राहतभरी व्यवस्थाएं की गई हैं। तेज धूप और लू के प्रभाव से पशुओं को बचाने के लिए यहां आधुनिक और पारंपरिक दोनों तरह के इंतजाम किए गए हैं।
गौशाला में न केवल छाया, चारे और पानी की पर्याप्त व्यवस्था है, बल्कि गायों को गर्मी से राहत देने के लिए ड्रिप फव्वारा, कूलर और फर्राटेदार पंखों की भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इन व्यवस्थाओं के कारण गौवंश को गर्मी में काफी हद तक राहत मिल रही है और वातावरण अपेक्षाकृत ठंडा बना हुआ है।
गौरक्षक सतीश राठौड़, कमलेश सहित अन्य गोसेवकों ने बताया कि इस भीषण गर्मी को देखते हुए गौशाला में विशेष प्रबंधन किया गया है। तापमान को नियंत्रित रखने के लिए शेड, नेट और कूलिंग सिस्टम का उपयोग किया जा रहा है, जिससे पशुओं को लू से बचाया जा सके। साथ ही गौवंश को पौष्टिक आहार भी दिया जा रहा है, ताकि उनका स्वास्थ्य बेहतर बना रहे।
इस गौशाला की सबसे खास बात यह है कि यह पूरी तरह से बिना किसी शासकीय अनुदान के संचालित की जा रही है। यहां सड़क, बस्ती, कॉलोनी और मोहल्लों में बेसहारा और लावारिस हालत में मिलने वाली बीमार गायों को लाकर उनकी देखभाल की जाती है।
गोसेवकों का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल गौसेवा है और वे सीमित संसाधनों के बावजूद गौवंश को बेहतर जीवन देने का प्रयास कर रहे हैं।