देवास। लूट चाहे 100 रुपए की हो या लाखों की, देवास पुलिस अब अपराधियों को छोड़ने वाली नहीं है। औद्योगिक थाना पुलिस ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अपराध छोटा हो या बड़ा, बदमाशों पर कार्रवाई तय है।
घटना उस समय की है जब इंदौर निवासी विशाल परासिया अपने भाई कपिल के साथ देवास में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। बायपास पर उनकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। दोनों भाई बाइक को पैदल धकेलते हुए आगे बढ़ रहे थे, तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
आरोपियों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट की और डरा-धमकाकर 10 हजार रुपए की मांग करने लगे। जब पीड़ितों के पास नगदी नहीं मिली तो बदमाशों ने उनके मोबाइल से ऑनलाइन 100 रुपए ट्रांसफर करवा लिए और मौके से फरार हो गए।
थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने बताया कि फरियादी विशाल परासिया की शिकायत पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत लगे सीसीटीवी फुटेज ओर डिजिटल ट्रांजेक्शन के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई और महज 12 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों वीरेंद्र पिता पर्वत चौहान,भरत पिता राजेश रायकवार,भरत पिता भगवान मांझी निवासी भैरूगढ़ देवास को गिरफ्तार किया है
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई राशि एवं घटना में प्रयुक्त करीब 50 हजार रुपए कीमत की होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। फिलहाल आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।