गुना। मक्सूदनगढ़ क्षेत्र के किसानों को इन दिनों वेयरहाउस स्थित सोसाइटी केंद्रों पर भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का आरोप है कि सोसाइटी केंद्रों पर उनके लिए मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं, जिसके कारण उन्हें 8 से 10 दिनों तक अनाज तुलाई के इंतजार में खुले में पड़े रहना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि गुलमोहर वेयरहाउस में संचालित सोसाइटी केंद्र पर किसानों के बैठने, पीने के पानी, भोजन और छाया जैसी व्यवस्थाओं का अभाव है। भीषण गर्मी के बीच किसान भूखे-प्यासे अपनी उपज की तुलाई करवाने के लिए मजबूर हैं।
किसानों ने आरोप लगाया है कि केंद्र पर मौजूद कर्मचारी तुलाई के एवज में अनाज की कटौती और अवैध वसूली कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि बिना “सेटिंग” के उनकी उपज की तुलाई समय पर नहीं की जा रही।
मामले की शिकायत मिलने पर तहसीलदार मक्सूदनगढ़ गुलमोहर वेयरहाउस स्थित सोसाइटी केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान किसानों ने तहसीलदार को अपनी समस्याओं और कर्मचारियों की कथित मनमानी से अवगत कराया।
हालांकि निरीक्षण के दौरान स्थिति ऐसी दिखाई दी मानो सोसाइटी केंद्र के कर्मचारी प्रशासनिक अधिकारियों पर ही भारी पड़ रहे हों। किसानों के बीच अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या जिम्मेदार कर्मचारियों पर कोई ठोस कार्रवाई होगी या फिर किसानों की परेशानियां यूं ही जारी रहेंगी।