देवास। कलेक्टर के सख्त निर्देशों के बाद बुधवार शाम नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने मक्सी रोड ब्रिज के नीचे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। करीब दो घंटे तक चले इस अभियान में अस्थायी दुकानों और टीन शेड को हटाया गया।
टीम ने मौके पर पहुंचकर ब्रिज के नीचे लगे अस्थायी ढांचे हटाए, वहीं कुछ अतिक्रमणों को जेसीबी मशीन की मदद से तोड़ा गया। कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों ने विरोध भी किया और अभियान रोकने की मांग की, लेकिन नगर निगम ने स्पष्ट कर दिया कि अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विरोध के बावजूद टीम ने सख्ती दिखाते हुए दुकानों के बाहर रखा सामान और अवैध कब्जे हटाए। इस दौरान कुछ सामान जब्त किया गया और ब्रिज के नीचे पड़ी निर्माण सामग्री भी हटाई गई।
नगर निगम की टीम ने करीब दो घंटे से अधिक समय तक अभियान चलाकर पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया। निगम अधिकारी हेमंत उपनारे ने बताया कि कलेक्टर और निगमायुक्त के निर्देश पर यातायात बाधित होने की स्थिति को देखते हुए संयुक्त कार्रवाई की गई। इस दौरान कई स्थानों पर चालानी कार्रवाई भी की गई और लोगों को अस्थायी अतिक्रमण हटाने के लिए समझाइश दी गई।