नीमच। मंदसौर जिले के पिपलियामंडी निवासी एक महिला ने अपनी पुत्री के कथित अपहरण, छेड़छाड़ एवं धमकी के मामले में नीमच पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता पेपाबाई पति ओमप्रकाश मालवीय ने आवेदन में बताया कि 2 मई को वह अपनी पुत्री विष्णवी के साथ नीमच जिले के ग्राम कड़ी आंत्री से लौट रही थीं। इसी दौरान भदवा घाटी के पास कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोककर गाली-गलौज, अभद्रता एवं छीनाछपटी की।
महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उनकी पुत्री को जबरन ले जाने का प्रयास किया तथा जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने बताया कि घटना की शिकायत कुकड़ेश्वर थाने में किए जाने के बावजूद उचित कार्रवाई नहीं की गई। वहीं उसकी पुत्री अब लापता है, जिससे परिवार भय और चिंता में है।
महिला ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए उसकी पुत्री को सुरक्षित तलाश किया जाए तथा परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। पीड़िता ने मंदसौर पुलिस अधीक्षक को भी आवेदन सौंप कार्रवाई की मांग की है।