रतलाम। अधीक्षक भू-अभिलेख अखिलेश मालवीय ने बताया कि नागरिकों को राजस्व संबंधी सेवाएं अब लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके लिए नागरिक अपने क्षेत्र के नजदीकी लोक सेवा केंद्र पर आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से भूमि सीमांकन, अभिलेख दुरुस्ती, रास्ता विवाद, भूमि बंटवारा, अविवादित नामांतरण, नजूल भूमि के स्थायी पट्टे, वृक्ष काटने की अनुमति, गैर खातेदारी भूमि पर वृक्ष लगाने की अनुमति सहित विभिन्न सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
इसके अलावा चालू खसरा, बी-1 खतौनी, नक्शा, भू-अधिकार एवं ऋण पुस्तिका की प्रतिलिपियां भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिला एवं तहसील स्तरीय रिकॉर्ड रूम से पारित आदेश, अंतरिम आदेश तथा राजस्व प्रकरणों की सत्य प्रतिलिपियां भी लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से प्राप्त की जा सकती हैं।
अधीक्षक भू-अभिलेख ने नागरिकों से अपील की है कि वे राजस्व संबंधी कार्यों के लिए लोक सेवा केंद्रों का उपयोग कर सुविधाओं का लाभ उठाएं।