शाजापुर। जिले के अकोदिया थाना क्षेत्र के फूलेन गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि महिलाओं और पुरुषों के बीच लाठी-डंडे चले, तलवारें लहराई गईं और महिलाओं को जमीन पर पटक-पटककर पीटा गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, यह विवाद दो भाइयों के परिवार के बीच जमीन के हिस्से-बंटवारे को लेकर चल रहा था। तहसीलदार के आदेश पर सीमांकन कराने के लिए सरकारी अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान इंदौर निवासी अमन पंवार अपनी बहनों के साथ अपने दिवंगत पिता के हिस्से की जमीन का सीमांकन कराने फूलेन गांव पहुंचे।
बताया जा रहा है कि अमन पंवार के पहुंचते ही उनके रिश्ते में ताऊ लगने वाले अशोक पंवार और उनके परिवार ने विरोध शुरू कर दिया। उनका कहना था कि मामला कोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए सीमांकन नहीं किया जा सकता। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई।
घटना में महिला और पुरुष सहित कुल 8 लोग घायल हुए हैं। घायलों में से चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। अमन पंवार की शिकायत पर 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, जबकि दूसरे पक्ष के फूलेन निवासी आकाश की शिकायत पर अमन सहित 7 लोगों पर प्रकरण दर्ज किया गया है। दोनों पक्षों के कुल 13 लोगों पर केस दर्ज हुआ है, जिनमें 6 महिलाएं भी शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।