शिवपुरी। किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी द्वारा शिवपुरी के पड़ौरा चौराहे पर किया गया ढाई घंटे का चक्काजाम आम जनता के लिए भारी परेशानी का कारण बन गया। आगरा-मुंबई हाईवे पर हुए इस प्रदर्शन से सैकड़ों यात्री, ट्रक चालक और व्यापारी चिलचिलाती धूप में घंटों फंसे रहे। हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और पूरे इलाके में अव्यवस्था का माहौल नजर आया।
कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन से पहले दावा किया था कि एम्बुलेंस और जरूरी सामान ले जाने वाले वाहनों के लिए कॉरिडोर बनाया जाएगा। साथ ही जाम में फंसे लोगों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था करने की भी बात कही गई थी। लेकिन मौके पर न तो कोई कॉरिडोर नजर आया और न ही यात्रियों के लिए पानी या अन्य राहत की व्यवस्था दिखाई दी।
फल और सब्जियों से लदे ट्रक घंटों धूप में खड़े रहे, जिससे व्यापारियों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। कई यात्रियों ने कांग्रेस के इस प्रदर्शन को अनुचित बताते हुए नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन में विधायक फूल सिंह बरैया, पूर्व मंत्री लाखन सिंह बघेल और विधायक बाबू जंडेल सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। जनता की बढ़ती परेशानी को देखते हुए यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव मौके पर पहुंचे और नेताओं से चर्चा कर चक्काजाम समाप्त कराया।
हालांकि कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि किसानों की मांगें नहीं मानी गईं तो आने वाले दिनों में इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
वहीं इस मामले में विधायक कैलाश कुशवाह ने कहा कि लोगों की परेशानी को देखते हुए चक्काजाम कम समय में समाप्त कर दिया गया।