भोपाल। मध्यप्रदेश के देवास में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों को लेकर कलेक्टर ऋतुराज सिंह का सख्त रुख देखने को मिला। समीक्षा बैठक के दौरान कन्नौद विकासखंड की ग्राम पंचायत खरिया में एक साल से ज्यादा समय तक आधार कार्ड अपडेट नहीं करने का मामला सामने आया।
मामले पर कलेक्टर ने सचिव छोटेलाल चौहान को निलंबित करने के निर्देश दिए। इसी तरह जनपद पंचायत स्तर पर कार्रवाई नहीं होने पर प्रभारी जनपद सीईओ दीपक मुजाल्दे की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश भी दिए गए।
इधर बागली के उदयनगर में सीमांकन संबंधी शिकायत का लंबे समय तक निराकरण नहीं होने और लापरवाही बरतने पर पटवारी पूनमचंद देवड़ा को भी निलंबित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और साफ कहा कि जनता की शिकायतों में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।