नीमच। वन विभाग ने अतिक्रमण के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाते हुए मनासा क्षेत्र के मोकड़ी में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। तीन दिनों तक चले सघन अभियान में कुल 12 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
जानकारी के अनुसार, कुछ ग्रामीणों द्वारा वन बीट मोकड़ी क्षेत्र में अवैध कब्जे का प्रयास किया जा रहा था। वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण के प्रयास को विफल कर दिया।
कार्रवाई के दौरान 05 मई को कक्ष क्रमांक 298 में 4 हेक्टेयर, 06 मई को 2 हेक्टेयर तथा 07 मई को कक्ष क्रमांक 297 में 6 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
भविष्य में अतिक्रमण रोकने के लिए मौके पर जेसीबी मशीनों से कंटूर ट्रेंच (डबरा-डबरी) का निर्माण कराया गया तथा सीपीटी की गहरी खुदाई कर सीमा रेखा निर्धारित की गई।
यह संपूर्ण कार्रवाई वन संरक्षक उज्जैन श्री आलोक पाठक एवं वन मंडलाधिकारी नीमच श्री एस.के. अटोदे के निर्देशन में तथा उप वन मंडल अधिकारी मनासा श्री दशरथ अखंड के मार्गदर्शन में की गई।
परिक्षेत्र अधिकारी श्री शाश्वत द्विवेदी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई कर वन भूमि को सफलतापूर्वक अतिक्रमण मुक्त कराया।