नीमच। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास आईपीएस ने नीमच पहुंचकर विधिवत रूप से पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व वे मालवा की सुप्रसिद्ध आरोग्य पीठ श्री भादवा माता मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यभार संभालते ही एसपी राजेश व्यास ने स्पष्ट संकेत देते हुए कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना और अपराध पर नियंत्रण उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने अपराधियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध गतिविधियों, तस्करी और अपराधों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस विभाग जनता के प्रति संवेदनशील रहे, ताकि आम नागरिक बिना भय के अपनी शिकायतें दर्ज करा सकें। साथ ही उन्होंने पूर्व में किए गए अच्छे कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही। नवागत एसपी के इन सख्त और स्पष्ट संदेशों से पुलिस महकमे में नई कार्यशैली और सक्रियता के संकेत मिल रहे हैं।
