मंदसौर। कोतवाली थाना क्षेत्र के अभिनंदन नगर निवासी पायल पति मंगल सूर्यवंशी का अपने ससुराल पक्ष से पिछले करीब डेढ़ वर्ष से पारिवारिक विवाद चल रहा था। मामले को लेकर थाना कोतवाली में शिकायत प्राप्त होने पर पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझाइश और काउंसलिंग की।
काउंसलिंग के दौरान पुलिस ने पति-पत्नी को आपसी संवाद और समझदारी से विवाद सुलझाने की सलाह दी। दोनों पक्षों ने पुलिस के समक्ष सहमति जताते हुए साथ में रहने पर राजी हो गए। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में छोटी-छोटी बातों को लेकर आपस में विवाद नहीं करेंगे और न ही उन्हें बड़ा मुद्दा बनाकर पुलिस तक मामला पहुंचाएंगे।
काउंसलिंग की प्रक्रिया उप निरीक्षक उषा बारिया द्वारा की गई। वहीं थाना प्रभारी कोतवाली द्वारा पति-पत्नी से संबंधित जारी वीडियो दिखाकर समझाइश दी गई, जिस पर दोनों ने कहा कि यदि भविष्य में कोई छोटी-मोटी बात होती है तो वे उसे आपस में बैठकर सुलझाएंगे और उसे सामूहिक चर्चा का विषय नहीं बनाएंगे।
पुलिस की समझाइश और काउंसलिंग के बाद दोनों पक्षों में सहमति बन गई, जिससे एक लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक विवाद शांतिपूर्वक समाप्त हो गया।