देवास। जिले में एक सनसनीखेज अपहरण कांड में कन्नौद पुलिस ने समय के खिलाफ दौड़ लगाते हुए बड़ी सफलता हासिल की। अपहरणकर्ताओं द्वारा दी गई मौत की डेडलाइन समाप्त होने से पहले ही पुलिस ने दो पीड़ितों को सकुशल मुक्त करा लिया।
जानकारी के अनुसार, कन्नौद थाना क्षेत्र के ग्राम किलोदा-पी में प्रेम विवाह से नाराज आरोपियों ने दो लोगों का अपहरण कर लिया। इसके बाद परिजनों को धमकी दी गई कि यदि सुबह 4 बजे तक युवती को वापस नहीं भेजा गया, तो दोनों अपहृतों की हत्या कर दी जाएगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी आदित्य तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी तहजीब काजी के नेतृत्व में दो विशेष टीमें गठित कर क्षेत्र में नाकाबंदी की गई।
“ऑपरेशन त्रिनेत्रम” के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों एवं तकनीकी साक्ष्यों की सहायता से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई। पुलिस टीम लगातार पीछा करते हुए इंदौर पहुंची, जहां योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर दबिश दी गई।
इस कार्रवाई में दोनों अपहृत व्यक्तियों को सकुशल मुक्त कराया गया। साथ ही पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा अपहरण में प्रयुक्त कार एवं हथियार भी जब्त किए हैं।
प्रेम विवाह की रंजिश में हुई इस गंभीर वारदात को पुलिस ने समय रहते विफल कर दो लोगों की जान बचा ली।