नीमच। जल जीवन मिशन अंतर्गत निर्मित गांधीसागर-2 समूह जल प्रदाय योजना की पानी की टंकी में लीकेज को लेकर प्रसारित समाचारों पर म.प्र. जल निगम मर्यादित, परियोजना क्रियान्वयन इकाई नीमच ने स्थिति स्पष्ट की है।
महाप्रबंधक धीरेंद्र कुमार बिजोरिया ने बताया कि दाता अमरपुरा के उपसंग्रामपुर ग्राम में निर्मित पानी की टंकी वर्तमान में प्रारंभिक टेस्टिंग चरण में है। टेस्टिंग के दौरान वर्टिकल पाइप के जॉइंट में मामूली लीकेज पाया गया, जिसका सुधार कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि इस प्रकार की छोटी तकनीकी कमियां टेस्टिंग अवधि में सामान्य रूप से सामने आती हैं और इन्हें समय रहते सुधार लिया जाता है। वर्तमान में लीकेज सुधार का कार्य प्रगतिरत है।
महाप्रबंधक ने यह भी स्पष्ट किया कि उक्त टंकी से वर्तमान में चार गांवों में नियमित रूप से जलापूर्ति की जा रही है और पानी सप्लाई पूरी तरह सुचारू है। टेस्टिंग प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद योजना का नियमित संचालन किया जाएगा।