रतलाम। ग्रीष्म ऋतु और बढ़ते तापमान के चलते अग्नि दुर्घटनाओं की संभावनाओं को देखते हुए कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देश पर जिलेभर में फायर सेफ्टी ऑडिट अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला प्रशासन के संयुक्त दल ने रतलाम स्थित होटल समता सागर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण दल में होमगार्ड, फायर विभाग, पीडब्ल्यूडी एवं एमपीईबी विभाग के अधिकारी शामिल रहे। जांच के दौरान होटल में अग्नि सुरक्षा संबंधी कई कमियां सामने आईं।
दल ने पाया कि होटल में कुल 63 कमरे होने के बावजूद केवल 6 एबीसी फायर एक्सटिंग्विशर एवं 2 ब्व्2 फायर एक्सटिंग्विशर ही उपलब्ध हैं। इस पर टीम ने होटल प्रबंधन को आवश्यक संख्या में अग्निशमन उपकरण तत्काल बढ़ाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान होटल की हाईड्रेंट लाइन बंद मिली तथा फायर अलार्म सिस्टम भी कार्यरत नहीं पाया गया। फायर ऑडिट टीम ने इन व्यवस्थाओं को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश जारी किए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए जिले में फायर सेफ्टी ऑडिट अभियान लगातार जारी रहेगा।