खरगोन। जिले के बिस्टान थाना क्षेत्र अंतर्गत जामनियापानी के बनहूर स्थित सुतार फलिया में एक आदिवासी किसान के घर और पशु बाड़े में भीषण आग लगने से भारी तबाही मच गई। आग इतनी भयावह थी कि घर में रखा अनाज, घरेलू सामान और मवेशी देखते ही देखते जलकर राख हो गए।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित किसान सुभाष भुवन के घर और पशु बाड़े में अचानक आग भड़क उठी। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हादसे में करीब 10 क्विंटल गेहूं, 7 क्विंटल मक्का, कपड़े और घरेलू बर्तन जलकर खाक हो गए। वहीं एक बैल, एक भैंस और 6 बकरा-बकरियां आग की चपेट में आने से जिंदा जल गए।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही फायर फाइटर टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
मामले की जानकारी मिलते ही पटवारी और पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। प्रशासन द्वारा नुकसान का पंचनामा तैयार कर जांच शुरू कर दी गई है। इस हादसे से किसान परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।