सबलगढ़। नगरपालिका परिषद में मुख्य बाजार की सड़क, सफाई और विकास कार्यों को लेकर चल रहा जनहित सत्याग्रह तीसरे दिन भी तेज होता नजर आया। जनप्रतिनिधियों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है।
वार्ड क्रमांक 6 की पार्षद रचना अशरफ अपने दो वर्षीय बच्चे को गोद में लेकर और हाथों में चूड़ियां थामकर सीएमओ कार्यालय के बाहर दिनभर धरने पर बैठीं। उन्होंने कहा कि जब जनता की समस्याओं पर प्रशासन सुनवाई नहीं कर रहा, तो जनप्रतिनिधियों को सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
वहीं वार्ड क्रमांक 14 के पार्षद जनक श्री कुशवाह भी आंदोलन स्थल पर पहुंचे और नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। धरना स्थल पर पार्षद कैलाश बंसल एवं मोहन रामजी लाल पचौरी भी पूरे दिन मौजूद रहे।
आंदोलनकारी पार्षदों का आरोप है कि वर्ष 2023 में स्वीकृत मुख्य बाजार की निर्माण योजनाएं आज तक अधूरी पड़ी हैं। बाजार क्षेत्र की गलियां बदहाल हैं, सफाई व्यवस्था चरमरा चुकी है और कई इलाकों में स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पार्षदों ने आरोप लगाया कि यदि ठेकेदार काम नहीं कर रहा तो नगरपालिका प्रशासन के पास कार्य निरस्त करने का अधिकार है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करने के बजाय केवल आश्वासन दे रहे हैं।
आंदोलनकारी जनप्रतिनिधियों ने यह भी आरोप लगाया कि वे लगातार पीआईसी, परिषद रजिस्टर, कैशबुक और अन्य अभिलेखों की जानकारी मांग रहे हैं, लेकिन प्रशासन स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं करा रहा।
धरना दे रहे पार्षदों ने चेतावनी दी है कि जब तक मुख्य बाजार की गलियों में निर्माण कार्य शुरू नहीं होता और नगर की समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक जनहित सत्याग्रह लगातार जारी रहेगा।