मंदसौर। जिले में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद आंगनवाड़ी कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका एकता यूनियन सीटू, मंदसौर ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सुपरवाइजर पर मानसिक प्रताड़ना, भय का माहौल बनाने और नौकरी से निकालने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
यूनियन द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार वार्ड क्रमांक 16 केंद्र-03 की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता किरण वर्मा की 7 मई 2026 की सुबह निरीक्षण के दौरान तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। आवेदन में आरोप लगाया गया कि सुपरवाइजर हेमलता सांवलिया द्वारा निरीक्षण के दौरान मानसिक दबाव और प्रताड़ना के कारण कार्यकर्ता तनाव में आ गई थीं।
यूनियन का कहना है कि मृतक कार्यकर्ता अपने वृद्ध और असहाय पिता की देखभाल भी करती थीं। आरोप है कि नई सुपरवाइजर के व्यवहार से वह पहले से ही भयभीत थीं। आवेदन में यह भी कहा गया कि संबंधित सुपरवाइजर द्वारा कार्यकर्ताओं को डराना-धमकाना, छुट्टी नहीं देना, निजी कार्य करवाना तथा नौकरी से निकालने की धमकी देना जैसी शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं।
आवेदन में उल्लेख किया गया कि निरीक्षण के दौरान किरण वर्मा घबराहट में केंद्र व्यवस्थित करने लगीं और इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है।
यूनियन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।