मंदसौर। गांधीसागर अभयारण्य क्षेत्र में मृत मिले तेंदुए का राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) की गाइडलाइन के अनुसार अंतिम संस्कार किया गया। वन विभाग ने पूरे मामले में जांच शुरू कर दी है।
वनमंडलाधिकारी संजय रायखेरे ने बताया कि 7 मई 2026 को नीमच-झालावाड़ मुख्य मार्ग स्थित वन भूमि कक्ष क्रमांक 1011, बीट चंबल क्रमांक-3, गेम रेंज पूर्व गांधीसागर अभयारण्य क्षेत्र में एक तेंदुए के मृत मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को सुरक्षित किया तथा डॉग स्क्वाड की सहायता से घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र की सघन जांच की। तेंदुए का पोस्टमार्टम विशेषज्ञ वन्यजीव चिकित्सक डॉ. आकाश वाल्मीक एवं डॉ. सुमित कुमार पटेल द्वारा किया गया। जांच में तेंदुए के शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए।
निर्धारित प्रक्रिया के तहत एनटीसीए एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक, भोपाल द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप तेंदुए के शव का दाह संस्कार किया गया। इस दौरान मुख्य वनसंरक्षक उज्जैन आलोक पाठक, वनमंडलाधिकारी संजय रायखेरे, गांधीसागर अधीक्षक अमित राठौर, नायब तहसीलदार भानपुरा सुनील अग्रवाल सहित वन विभाग एवं ग्राम पंचायत के अधिकारी मौजूद रहे।
पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी भी कराई गई है। मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर विवेचना जारी है।