मंदसौर। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग द्वारा जनपद पंचायत मंदसौर में कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान 124 ग्राम पंचायतों को फील्ड टेस्टिंग किट वितरित की गई।
किट का वितरण जनपद पंचायत अध्यक्ष बसंत शर्मा, सीईओ धर्मेंद्र यादव एवं जिला सलाहकार मुकेश गुप्ता की उपस्थिति में किया गया। कार्यशाला में पंचायत सचिवों को जल गुणवत्ता परीक्षण संबंधी प्रशिक्षण भी दिया गया।
प्रशिक्षण उषा तिवारी, पीएमयू संतोष जैन एवं अस्तित्व गोस्वामी द्वारा प्रदान किया गया। इसमें ग्राम स्तर पर पेयजल की गुणवत्ता जांचने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई।
अधिकारियों ने बताया कि फील्ड टेस्टिंग किट के माध्यम से पीएच मान, फ्लोराइड, क्लोराइड, अमोनिया, नाइट्रेट, हार्डनेस, टरबिडिटी, फ्री क्लोरीन, आयरन एवं एल्केलिनिटी सहित 10 प्रकार के परीक्षण किए जा सकते हैं। एक किट से लगभग 100 बार पानी की जांच संभव है। साथ ही एच-टू-एस वायल के माध्यम से बैक्टीरिया परीक्षण की जानकारी भी दी गई।
कार्यशाला में जल स्रोतों की स्वच्छता, जल संरक्षण, नियमित क्लोरीनेशन एवं सुरक्षित पेयजल भंडारण पर विशेष जोर दिया गया। पंचायत सचिवों को दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से बचाव एवं जल योजनाओं में जनसहभागिता सुनिश्चित करने की समझाइश भी दी गई।