प्रतापगढ़। जिला शिक्षा अधिकारी एवं डाइट प्रतापगढ़ के प्रधानाचार्य कमलेश कुमार तेतरवाल का राष्ट्रीय स्तर के “टोबैको फ्री इंडिया अवार्ड-2025” के लिए चयन हुआ है। उन्हें यह सम्मान 12 मई 2026 को मुंबई में नरोत्तम शेखसरिया फाउंडेशन द्वारा आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा।
इस वर्ष देशभर से छह व्यक्तियों एवं चार संस्थाओं का चयन तंबाकू मुक्त भारत अभियान में उल्लेखनीय योगदान के लिए किया गया है। राजस्थान से कमलेश तेतरवाल एकमात्र चयनित व्यक्ति हैं।
तेतरवाल पिछले करीब 20 वर्षों से धूम्रपान एवं तंबाकू जनित उत्पादों के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चला रहे हैं। विशेष रूप से झुंझुनूं, चूरू, सीकर एवं प्रतापगढ़ जिलों में शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त एवं धूम्रपान निषेध क्षेत्र बनाने में उनके योगदान को देखते हुए यह सम्मान दिया जा रहा है।
मुंबई के यशवंतराव चौहान सेंटर में आयोजित समारोह में उन्हें 25 हजार रुपए की राशि, प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा।
तेतरवाल के चयन पर विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों एवं शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।