इंदौर। महूनाका चौराहे पर शुक्रवार दोपहर भाजपा नेताओं और ट्रैफिक पुलिस के बीच विवाद की स्थिति बन गई। भाजपा के विधानसभा-4 प्रभारी वीरेंद्र शेडगे ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों पर अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाया। घटना के बाद बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया।
यातायात पुलिस ने विरोध बढ़ते देख एक्शन लेते हुए दो ट्रैफिक पुलिसकर्मियों कॉन्स्टेबल शेखर और सूबेदार लक्ष्मी को निलंबित कर दिया है। ट्रैफिक टीआई राधा यादव को कार्यालय में अटैच कर दिया है। एसीपी शिवेंदु जोशी ने बताया कि सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। फुटेज सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं वीरेंद्र शेडगे ने बताया, मुझे सिग्नल के यहां रोक कर चांटा मार दिया। मैंने इसका विरोध किया। मैंने इस मामले में वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक वीरेंद्र शेडगे तरण पुष्कर का काम संभालते हैं और विधानसभा-4 के प्रभारी भी हैं। शुक्रवार दोपहर वह दोपहिया वाहन से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान महूनाका चौराहे पर टीआई राधा यादव, श्रद्धा और लक्ष्मी धुर्वे हेलमेट चेकिंग कर रही थीं।