गुना। भीषण गर्मी के बीच सामाजिक सरोकार निभाते हुए अहिल्या शाखा द्वारा मूक पशुओं और गौमाता के लिए सराहनीय पहल की गई। “नर सेवा ही नारायण सेवा” के भाव के साथ शाखा की महिलाओं ने नगर के विभिन्न स्थानों और धार्मिक स्थलों पर पानी की टंकियां रखवाकर उनमें स्वच्छ पानी भरवाया।
अहिल्या शाखा की अध्यक्ष एवं सचिव रेनू जैन ने बताया कि गर्मी के इस मौसम में गायों और अन्य मूक पशुओं को पानी के लिए काफी संघर्ष करना पड़ता है। जल की तलाश में वे इधर-उधर भटकते रहते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए शाखा की बहनों ने सेवा का संकल्प लेकर धार्मिक स्थलों के आसपास पानी की टंकियां रखवाई हैं, ताकि पशुओं को आसानी से पानी मिल सके।
उन्होंने कहा कि “जल ही जीवन है” के संदेश के साथ शुरू किया गया यह सेवा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अहिल्या शाखा की इस पहल की नगर में सराहना की जा रही है।